क्षेत्रीय
15-May-2026
...


- कैडेट्स ने सीखे सड़क सुरक्षा के गुर कोरबा (ईएमएस) कोरबा शहर के वीआईपी रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में इन दिनों अनुशासन और राष्ट्र सेवा का जज्बा परवान चढ़ रहा है। 1 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी, कोरबा द्वारा आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक एवं संयुक्त प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का पाठ भी पढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में ‘यातायात की पाठशाला’ शिविर लगाया गया, जिसमें भविष्य के इन प्रहरियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर में कोरबा यातायात पुलिस की टीम विशेष रूप से पहुंची थी। एएसआई मनोज राठौर के नेतृत्व में पहुंची इस टीम ने कैडेट्स को सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित सफर के लिए आवश्यक संकेतों के बारे में बताया। टीम में हेड कांस्टेबल शंकरधर, कांस्टेबल गीतेश देवांगन, संजय लहरे और राम प्रसाद खैरवार शामिल थे। इस 10 दिवसीय शिविर में कोरबा सहित आसपास के कई जिलों के एनसीसी कैडेट हिस्सा ले रहे हैं। कैंप में उन्हें केवल हथियार चलाना या शारीरिक प्रशिक्षण ही नहीं दिया जा रहा, बल्कि नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए इस तरह के जागरूक सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। यातायात पुलिस की टीम ने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे वर्दीधारी संगठन के सदस्य होने के नाते समाज में ‘ट्रैफिक एंबेसडर’ की भूमिका निभाएं और अपने आसपास के लोगों को भी इन नियमों के प्रति जागरूक करें। कैडेट्स ने भी पूरे उत्साह के साथ यातायात संकेतों को समझा और भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया। 15 मई / मित्तल