रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर में जमीन बेचने के नाम पर 28 लाख रुपए की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर आजाद चौक थाना पुलिस ने मेसर्स राजश्री प्रॉपर्टीज के पार्टनर अनिल अग्रवाल, सपना सिंघानिया और रमेश सिंघानिया समेत अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक प्रगति विहार निवासी पंकज चिजवानी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात जमीन कारोबारी जसमीत सिंह, सुनील रंगलानी और मुदित सोमवंशी से हुई थी। इन लोगों ने उन्हें मोवा इलाके में अशोका रतन के पीछे स्थित करीब 10,300 वर्गफीट जमीन दिखाई थी। शिकायत में कहा गया है कि दलालों ने जमीन को राजश्री प्रॉपर्टीज की संपत्ति बताते हुए 1400 रुपए प्रति वर्गफीट के हिसाब से सौदा तय कराया। इसके बाद पंकज चिजवानी ने बयाने के तौर पर कुल 28 लाख रुपए दिए। इसमें 12 लाख रुपए नकद और 16 लाख रुपए के दो चेक शामिल थे। पीड़ित का आरोप है कि अनिल अग्रवाल और रमेश सिंघानिया ने जमीन को अपनी बताते हुए विक्रय इकरारनामा भी कराया। रकम मिलने के बाद आरोपियों ने जमीन पर बाउंड्रीवाल बनाने और वहां नाम लिखवाने तक की अनुमति दे दी, जिससे उन्हें सौदा सही होने का भरोसा हो गया। मामला तब सामने आया जब जमीन के सीमांकन के दौरान एक अन्य व्यक्ति अनिल जैन ने उस जमीन पर अपना दावा पेश कर दिया। पटवारी और आरआई की मौजूदगी में हुई जांच में पता चला कि राजश्री प्रॉपर्टीज द्वारा बताए गए खसरा नंबर मौके की जमीन से मेल ही नहीं खा रहे थे। पीड़ित के अनुसार विवाद सामने आने के बाद आरोपियों ने कोर्ट में मामला सुलझाने और जल्द समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन करीब ढाई साल बीत जाने के बाद भी न तो जमीन मिली और न ही रकम वापस की गई। लगातार टालमटोल से परेशान होकर आखिरकार पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रितेश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 मई 2026