जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न रेत घाटों पर औचक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान केवा, भादा और नवापारा रेत घाटों पर विशेष रूप से निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर प्रशासन ने 5 हाईवा वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त सभी वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जांजगीर पुलिस लाइन में खड़ा कराया गया है। कार्रवाई के दौरान मौके पर शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में दो वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। ड्राइवर जोहन कुमार और संतोष मिरी पर बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि खनिज संपदा के अवैध दोहन पर लगातार निगरानी रखी जाए और नियमित रूप से औचक निरीक्षण किया जाए, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि भविष्य में अवैध खनन में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 मई 2026