क्षेत्रीय
15-May-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। मुख्य बाजार और संकरी गलियों में वाहनों की आवाजाही बाधित होने से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा सामान बाहर तक रखे जाने और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से स्थिति और बिगड़ जाती है। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि कई बार विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। शहर के पुराना देना बैंक गली, सिंधी धर्मशाला मार्ग, सेन चौक, गिल्ली चौक, शीतला पारा मार्ग और मिनी बायपास रोड जैसे क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की समस्या अधिक गंभीर बताई जा रही है। नागरिकों का कहना है कि संकरी सड़कों और अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण रोजाना जाम की स्थिति बनती है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम यात्रियों को परेशानी होती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई हो और यातायात को सुचारु बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि शहर की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। ईएमएस(राकेश गुप्ता)15 मई 2026