क्षेत्रीय
15-May-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। यह कार्रवाई नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान की गई। जानकारी के अनुसार, हाल ही में सरेंडर करने वाले नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर 13 और 14 मई को कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र तथा कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती इलाके के ग्राम डोमांज, आमाकोल और गट्टाकाल के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग की गई। इस दौरान सुरक्षा बलों ने जंगल में ड्रम के अंदर छिपाकर रखे गए विस्फोटक बरामद किए। बरामद सामग्री में 50 बीजीएल सेल और दो प्रेशर कुकर आईईडी (5 किलो और 3 किलो क्षमता) शामिल हैं। विस्फोटक मिलने के बाद सुरक्षा बलों के सामने उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की चुनौती थी। हाल ही में 2 मई को इसी तरह की कार्रवाई के दौरान विस्फोट होने से चार जवान शहीद हो गए थे, जिसे देखते हुए इस बार पूरी सतर्कता के साथ मौके पर ही विस्फोटकों को सुरक्षित रूप से डिफ्यूज किया गया। पुलिस और सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)15 मई 2026