धमतरी(ईएमएस)। शहर के सदर बाजार क्षेत्र में पुत्री शाला चमेली चौक से सदर बाजार तक बन रही आरसीसी नाली निर्माण कार्य का जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने निरीक्षण किया। यह निरीक्षण कुछ लोगों द्वारा कार्य की गुणवत्ता पर उठाए गए सवालों के बाद किया गया। निरीक्षण टीम में पीडब्ल्यूडी प्रभारी विजय मोटवानी, पिंटू यादव और मेघराज ठाकुर शामिल रहे। उनके साथ सब इंजीनियर नमिता और ठेकेदार पिंटू अग्रवाल भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान टीम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। इसमें सीमेंट, गिट्टी, सरिया सहित अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता के साथ-साथ नाली की चौड़ाई, गहराई और मजबूती का परीक्षण किया गया। टीम ने आसपास के दुकानदारों, रहवासियों और व्यापारियों से भी चर्चा की। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या बनी हुई थी, जिससे बारिश के समय परेशानी बढ़ जाती थी। नाली निर्माण से जल निकासी में सुधार और स्वच्छता में मदद मिलने की उम्मीद जताई गई। कई स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और गति पर संतोष भी व्यक्त किया। पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने कहा कि नगर निगम द्वारा सभी विकास कार्य पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनता के पैसे से होने वाले हर कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और निरीक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी नहीं पाई गई। उन्होंने सब इंजीनियर को समय-समय पर सतत मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 मई 2026