क्षेत्रीय
15-May-2026
...


महासमुंद(ईएमएस)। जिले में मौसम में आए अचानक बदलाव के चलते आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। इनमें एक किसान की मौत हो गई, जबकि दूसरे मामले में घर में आग लगने से भारी नुकसान हुआ। पहली घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार की है। यहां निवासी धर्मसिंह गोंड (50 वर्ष) अपने पिता पुनीत राम गोंड (70 वर्ष) के साथ मूंगफली खेत की रखवाली के लिए खेत में बने मचान पर सोया हुआ था। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से धर्मसिंह गोंड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता पुनीत राम गोंड घायल हो गए। घायल को उपचार के लिए तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दूसरी घटना कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा की है, जहां सुबह आकाशीय बिजली गिरने से प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल घर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा सारा सामान और वाहन सीटें जलकर खाक हो गईं। घटना के समय परिवार पास के दो कमरों में मौजूद था, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई और सभी लोग सुरक्षित बच गए। सूचना पर महासमुंद और बागबाहरा से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 मई 2026