जशपुर(ईएमएस)। जिले में नेशनल हाईवे-43 पर महुआटोली स्थित आश्रम गेट के सामने देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार KTM बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के बोर्ड, पेड़ और पुलिया के चबूतरे से टकरा गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बरटोली-गिनाबहार में एक शादी समारोह आयोजित था, जिसमें शामिल होने के बाद दोनों युवक देर रात लौट रहे थे। मृतकों की पहचान गुलशन केरकेट्टा और इग्नासियुस के रूप में हुई है। रिश्तेदार जॉनसन कुजूर ने बताया कि गुलशन रात करीब 1:30 बजे इग्नासियुस को पीछे बैठाकर बाइक से जशपुर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान करीब 2:08 बजे महुआटोली के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इग्नासियुस उछलकर पुलिया के नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल गुलशन को अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान सुबह करीब 7 बजे उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 मई 2026