पटना, (ईएमएस)। शुक्रवार को जद (यू) प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा एवं जमा खां ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित मामलों के त्वरित एवं विधिसम्मत समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। इस अवसर पर विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, प्रो. नवीन आर्य चन्द्रवंशी एवं लोकप्रकाश सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष केवल आलोचना की राजनीति में उलझा हुआ है, जिसके कारण वह आज 25 सीटों तक सिमट गया है। उन्होंने कहा कि सुशासन की सरकार में अपराध करने वाले को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाता तथा एनडीए सरकार आपराधिक घटनाओं को लेकर पूरी तरह सजग और संवेदनशील है। मंत्री जमा खां ने खाड़़ी क्षेत्र में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा पेट्रोलियम पदार्थों के संयमित उपयोग के आह्वान को सराहनीय बताया और कहा कि इस वैश्विक संकट से निपटने के लिए जनता को भी सहयोग करना चाहिए। संतोष झा- १५ मई/२०२६/ईएमएस