- अधिकारियों ने परखी मैदानी हकीकत, समय पर काम पूरा करने के निर्देश शाजापुर (ईएमएस) । जिले में चल रहे जनगणना कार्य की वास्तविक स्थिति जानने के लिए अब वरिष्ठ अधिकारी सीधे फील्ड पर पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को जनगणना कार्य निदेशालय, भोपाल से आए संभाग प्रभारी राजेश मौर्य और जिला प्रभारी मिलिंद देशपांडे ने ग्राम सुंदरसी का दौरा किया और वहां चल रहे जनगणना कार्य का जायजा लिया। गांव के भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने जानकारी जुटाने की प्रक्रिया को करीब से देखा। उन्होंने इस काम में लगे सुपरवाइजरों और प्रगणकों से चर्चा कर उनकी परेशानियां जानीं। मैदानी स्तर पर काम करते समय आ रही तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं को सुनने के बाद अधिकारियों ने मौके पर ही उनका समाधान भी किया। अधिकारियों ने अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और तय समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत काम पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान पोलायकलां की जनगणना चार्ज अधिकारी अंकिता पाटकर, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी घनश्याम लोहार, तुषार शर्मा सहित क्षेत्र के अन्य सुपरवाइजर और प्रगणक उपस्थित थे। ईएमएस / 15 मई 2026.