राज्य
15-May-2026
...


:: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने की सेवा कार्यों की सराहना, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दिया परामर्श :: इंदौर (ईएमएस)। समाजसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तिलक नगर स्थित वैष्णव चिकित्सालय में विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद (अंजना संभाग), भारतीय जैन संगठन इंदौर उमंग शाखा तथा रिंकू शर्मा थैलेसीमिया चिकित्सालय एवं रक्त बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बच्चों सहित सैकड़ों नागरिकों ने विशेषज्ञ सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि मानवता की सेवा सबसे बड़ा धर्म है और इस प्रकार के आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। कार्यक्रम की संयोजिका हेमलता अजमेरा एवं साधना लड्ढा ने जानकारी दी कि शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और लोगों को बीमारियों के प्रति समय पर सचेत करना था। कार्यक्रम में परिषद की प्रांतीय अध्यक्ष माधवी शाह, राष्ट्रीय सलाहकार आशा विनायका, पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष निर्मला जैन तथा केंद्रीय कार्याध्यक्ष सरला समरिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन का सफल संचालन डॉ. विनिता कोठारी एवं डॉ. एस.एस. नैयर द्वारा किया गया। :: बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष जोर :: रुचि चोविश्या जैन ने बताया कि इस शिविर में जन्म से लेकर 12 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष फोकस रखा गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों के शारीरिक विकास, पोषण की स्थिति और सामान्य स्वास्थ्य की गहन जांच कर अभिभावकों को जरूरी परामर्श दिए। जांच के दायरे में आंख, दांत, नाक, कान एवं गला रोगों के विशेषज्ञ शामिल थे। इसके अतिरिक्त शुगर, ब्लड प्रेशर और बॉडी कंपोजिशन टेस्ट भी पूरी तरह नि:शुल्क किए गए। विशेष रूप से थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों का परीक्षण कर उन्हें उपचार के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। :: वरिष्ठ चिकित्सकों ने दीं सेवाएं :: शिविर में शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों डॉ. अजय डोसी, डॉ. विवेक सिंह, डॉ. गौरव भापकर, डॉ. वैष्णवी अग्रवाल एवं डॉ. शेनल कोठारी ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ अभिभावकों को बच्चों के बेहतर खान-पान और मौसमी बीमारियों से बचाव के कारगर उपायों की भी जानकारी दी। शिविर के अंत में बड़ी संख्या में लाभान्वित नागरिकों ने आयोजकों और चिकित्सकों की इस नि:स्वार्थ सेवा भावना की सराहना की। प्रकाश/15 मई 2026