:: देश-विदेश के नन्हे खिलाड़ी दिखाएंगे जौहर; एशियाई रैंकिंग अंक हासिल करने का मिलेगा सुनहरा मौका :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के खेल मानचित्र पर एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। मध्य प्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में पाथ फाउंडेशन और मोयरा सरिया द्वारा प्रायोजित पुनित मेमोरियल एशियन जूनियर अंडर-12 इंदौर ओपन टेनिस टूर्नामेंट का भव्य आयोजन 18 से 22 मई 2026 तक इंदौर टेनिस क्लब में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में न केवल भारत, बल्कि एशिया के कई देशों के जूनियर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। इंदौर में पहली बार अंडर-12 आयु वर्ग के लिए इस स्तर का एशियन टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है, जो स्थानीय टेनिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। भारतीय टेनिस संघ के पूर्व महासचिव अनिल धूपर ने बताया कि जूनियर खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्रदान करने के लिए संगठन लगातार प्रयास कर रहा है। इंदौर टेनिस क्लब इस आयोजन के लिए पूरी तरह सज-धज कर तैयार है। टूर्नामेंट की खास बात यह है कि यह नॉक-आउट पद्धति पर आधारित नहीं होगा। इसमें प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी रैंकिंग और स्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रतियोगिता के अंतिम दिन तक मैच खेलने का अवसर मिलेगा। :: अंतिम दिन तक चलेगा मुकाबलों का रोमांच :: टूर्नामेंट में एकल और युगल वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे, जो जूनियर खिलाड़ियों के लिए एशियाई रैंकिंग अंक हासिल करने का एक बेहतरीन मंच साबित होंगे। मुख्य दौर (मेन ड्रा) के मुकाबले 18 मई से शुरू होंगे, जबकि क्वालीफाइंग दौर के मैच 16 और 17 मई को खेले जाएंगे। इस आयोजन से न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव भी प्राप्त होगा। :: स्थानीय सितारों को मिला वाइल्ड कार्ड :: स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टूर्नामेंट डायरेक्टर अर्जुन धूपर ने वाइल्ड कार्ड प्रविष्टियों की भी घोषणा की है। बालिका वर्ग में देविना धूपर (77 एआईटीए अंक), रीत सोनी (197 एआईटीए अंक) और सायशा दशोरा को मुख्य दौर के लिए वाइल्ड कार्ड दिया गया है। वहीं बालक वर्ग में इंदौर के अर्जुन बिंद्रा (206 एआईटीए अंक), हृदन डागा (295 एआईटीए अंक) और समन्यु शुक्ला को सीधे मुख्य दौर में प्रवेश मिला है। इस आयोजन को लेकर शहर के खेल जगत में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रकाश/15 मई 2026