राज्य
15-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों के लिए हीटवेव का बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में येलो अलर्ट घोषित करते हुए लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि ठाणे के कुछ इलाकों में पारा 38 डिग्री के पार जाने की संभावना है। आज शनिवार को ठाणे एवं रायगढ़ जिले में गर्मी का असर अधिक रहने का अनुमान जताया गया है। पिछले सप्ताह भी मुंबई महानगर क्षेत्र में तेज गर्मी और उमस दर्ज की गई थी। बुधवार को तापमान 34 डिग्री तक गिरने से थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन शुक्रवार से फिर गर्मी बढ़ने लगे हैं। 18 मई के बाद ठाणे में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है, जबकि मुंबई में मौसम शुष्क और आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बाहर काम करने वाले लोगों को पर्याप्त पानी पीने, बार-बार आराम करने और दोपहर में सीधे धूप में जाने से बचने की सलाह दी है। बताया जा रहा है कि मुंबई में मई महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान 12 मई 1979 को 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अब एक बार फिर शहर का तापमान लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। वहीं, नंदुरबार में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, हवा में नमी कम होने के कारण उमस और गर्मी बनी हुई है। तेज गर्मी के चलते सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। जिले में हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए नगरपालिकाओं और ग्राम पंचायतों में विशेष “उष्माघात कक्ष” बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले इस सप्ताह नंदुरबार में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया था। उधर, बुलढाणा, जिसे कभी ठंडी जलवायु वाला शहर माना जाता था, वहां भी तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बढ़ती गर्मी का असर इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों और फसलों पर भी दिखाई देने लगा है। कृषि मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें, बाहर जाते समय सिर और कान को ढककर रखें तथा खेती का काम सुबह या शाम के समय ही करें। संजय/संतोष झा- १५ मई/२०२६/ईएमएस