मनोरंजन
16-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अभिनेत्री पलक तिवारी और मशहूर रैपर किंग ने हिंदी क्राइम-थ्रिलर वेब सीरीज लुक्खे के जरिए ओटीटी की दुनिया में कदम रखा है। इस सीरीज में दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री की भी काफी चर्चा हो रही है। हाल ही में पलक तिवारी ने सोशल मीडिया पर किंग के लिए एक भावुक पोस्ट साझा किया। इंस्टाग्राम पर पलक ने किंग के साथ कई तस्वीरें साझा कीं, जिनमें दोनों अलग-अलग अंदाज में पोज देते नजर आए। पोस्ट में पलक ने किंग के प्रति अपने स्नेह और सम्मान को बेहद खास शब्दों में व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि दुनिया के लिए वह ‘एमसी बदनाम’ और ‘किंग’ हो सकते हैं, लेकिन उनके लिए वह हमेशा ‘अर्पण’ और बड़े भाई ‘वीरा’ रहेंगे। पलक ने कहा कि उनकी छोटी बहन होना उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशी है और वह हमेशा उनकी ‘सन्नो’ यानी ‘सनोबर’ बनी रहेंगी। अभिनेत्री ने आगे लिखा कि ‘लुक्खे’ दोनों के लिए एक नई शुरुआत है, लेकिन सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि इस प्रोजेक्ट ने उन्हें किंग जैसा इंसान दिया। पलक ने कहा कि वह सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि उनकी रूह तक की कद्र करती हैं। सोशल मीडिया पर उनकी यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और फैंस दोनों की दोस्ती और ऑनस्क्रीन रिश्ते की जमकर तारीफ कर रहे हैं। चंडीगढ़ की पृष्ठभूमि पर बनी यह सीरीज रैप म्यूजिक, ड्रग्स और बदले की कहानी को दिखाती है। सीरीज में किंग ‘एमसी बदनाम’ नाम के एक लोकप्रिय और आक्रामक रैपर की भूमिका निभा रहे हैं, जिसका संबंध खतरनाक ड्रग कारोबार से होता है। कहानी में वह ‘डेमन’ नामक नशीले पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा दिखाई देते हैं। वहीं पलक तिवारी ने ‘सनोबर’ नाम की लड़की का किरदार निभाया है, जो एमसी बदनाम की बहन है। कहानी में ‘लकी’ नाम का युवक, जिसका किरदार लक्षवीर सिंह सरन निभा रहे हैं, सनोबर से प्यार करने लगता है। इसके बाद कहानी में प्रेम, अपराध और पारिवारिक संघर्ष का जटिल मोड़ सामने आता है। सीरीज में सनोबर अपने भाई की गैरकानूनी गतिविधियों और अपने प्रेमी के बीच फंसी दिखाई देती है, जिससे कहानी में भावनात्मक तनाव और गहराई बढ़ जाती है। सुदामा/ईएमएस 16 मई 2026