अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान अपनी मदरहुड जर्नी और बेटी की परवरिश को लेकर खुलकर बात की। कियारा ने कहा कि मां बनने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है और अब वह रिश्तों को पहले से कहीं ज्यादा गहराई से समझने लगी हैं। कियारा ने बताया कि बेटी के जन्म से पहले वह खुद को और सिद्धार्थ मल्होत्रा को सिर्फ गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड की तरह देखती थीं, लेकिन अब एक परिवार बनने के बाद उनकी सोच बदल गई है। उन्होंने कहा कि जीवन में हर नया रिश्ता इंसान को कुछ न कुछ सिखाता है और मां बनने के बाद उन्होंने खुद में काफी बदलाव महसूस किए हैं। अभिनेत्री ने कहा कि वह अपनी बेटी को इस तरह बड़ा करना चाहती हैं कि वह खुद अपने फैसले ले सके। कियारा ने साफ कहा कि वह नहीं चाहतीं कि उनकी बेटी सिर्फ दूसरों को खुश करने के लिए अपनी जिंदगी जिए। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में उनकी बेटी शादी नहीं करना चाहेगी, तो परिवार उसका पूरा साथ देगा। कियारा का मानना है कि बच्चों को स्वतंत्र सोच और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। ‘रागिनी 3’ को लेकर बढ़ी उत्सुकता हॉरर फिल्मों की लोकप्रिय फ्रेंचाइजी ‘रागिनी’ अब अपने तीसरे पार्ट के साथ वापसी करने जा रही है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब खबर सामने आ रही है कि अभिनेता आयुष शर्मा और अभिनेत्री नरगिस फाखरी फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में नजर आ सकते हैं। हालांकि अभी तक मेकर्स की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन इन चर्चाओं ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि मेकर्स फिल्म में नई और फ्रेश जोड़ी को कास्ट करना चाहते हैं। अगर आयुष शर्मा और नरगिस फाखरी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनते हैं तो यह पहली बार होगा जब दोनों किसी फिल्म में साथ नजर आएंगे। सोशल मीडिया पर दोनों की संभावित जोड़ी को लेकर फैंस काफी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। ‘रागिनी’ फ्रेंचाइजी पहले भी अपने बोल्ड और डरावने कंटेंट की वजह से चर्चा में रही है। ऐसे में तीसरे पार्ट से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। हालांकि फिल्म की कहानी और बाकी स्टारकास्ट को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म से जुड़ी खबरों ने इंटरनेट पर हलचल बढ़ा दी है। हॉरर फिल्मों के शौकीन दर्शक अब मेकर्स की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। मौनी रॉय ने पति को किया अनफॉलो टीवी और बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय एक बार फिर अपने निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। सोशल मीडिया पर हाल ही में ऐसी चर्चाएं तेज हो गई हैं कि मौनी और उनके पति सूरज नांबियार के रिश्ते में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। दरअसल, फैंस ने नोटिस किया कि मौनी रॉय ने इंस्टाग्राम पर अपने पति सूरज नांबियार को अनफॉलो कर दिया है। इतना ही नहीं, अभिनेत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी और पति के साथ की कई तस्वीरें भी हटा दी हैं। इसके बाद से ही दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। मौनी रॉय और सूरज नांबियार की शादी को फैंस हमेशा से पसंद करते रहे हैं। दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर रोमांटिक तस्वीरें साझा करते नजर आते थे। लेकिन पिछले कुछ समय से मौनी ने पति के साथ कोई नई तस्वीर साझा नहीं की, जिससे फैंस पहले ही हैरान थे। अब अनफॉलो और तस्वीरें डिलीट करने के बाद चर्चा और तेज हो गई है। हालांकि अभी तक मौनी रॉय या सूरज नांबियार की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि दोनों के बीच सच में कोई परेशानी है या यह सिर्फ सोशल मीडिया एक्टिविटी का हिस्सा है। फैंस लगातार सोशल मीडिया पर मौनी से सवाल पूछ रहे हैं और उनके रिश्ते को लेकर चिंता जता रहे हैं। अब हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि दोनों इस मामले पर कब और क्या प्रतिक्रिया देते हैं। एनटीआर के जन्मदिन पर मिलेगा बड़ा सरप्राइज, साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर और निर्देशक प्रशांत नील की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘एनटीआरनील’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। अब फिल्म से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसने दर्शकों की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है। मेकर्स ने ऐलान किया है कि फिल्म का पहला ग्लिम्प्स 19 मई 2026 की आधी रात को रिलीज किया जाएगा। यह खास तोहफा जूनियर एनटीआर के जन्मदिन के मौके पर फैंस को दिया जा रहा है। जूनियर एनटीआर 20 मई को अपना जन्मदिन मनाते हैं और ऐसे में फिल्म की पहली झलक रिलीज करने का फैसला फैंस के लिए बेहद खास माना जा रहा है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है। दर्शक खासतौर पर इस बात को लेकर उत्साहित हैं कि प्रशांत नील के निर्देशन में एनटीआर किस नए अवतार में नजर आएंगे। ‘एनटीआरनील’ को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में गिना जा रहा है। फिल्म का निर्माण माइथ्री मूवी मेकर्स और एनटीआर आर्ट्स के बैनर तले किया जा रहा है। प्रशांत नील इससे पहले भी बड़े स्तर की एक्शन और मास एंटरटेनर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि यह फिल्म भी बड़े पर्दे पर नया रिकॉर्ड बना सकती है। फिल्म के हर अपडेट पर दर्शकों की नजर बनी हुई है और अब सभी को 19 मई की आधी रात का बेसब्री से इंतजार है। डेविड/ईएमएस 16 मई 2026