क्षेत्रीय
16-May-2026
...


अंबिकापुर(ईएमएस)। शहर के घड़ी चौक स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय राजीव भवन में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने देर रात कार्यालय परिसर में घुसकर बाथरूम में लगी नल की टोटियां चोरी कर लीं और वाशरूम में जमकर तोड़फोड़ की। घटना में करीब एक लाख रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है। जानकारी के अनुसार रात चोर कांग्रेस कार्यालय में घुस गए और भवन के अलग-अलग वाशरूम को निशाना बनाया। आरोपियों ने करीब 73 नल की टोटियां निकाल लीं। इसके अलावा वाश बेसिन, फ्लश सिस्टम और पाइप लाइन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान परिसर में काफी अव्यवस्था फैलाई गई। इतना ही नहीं, जाते-जाते आरोपियों ने कार्यालय के फर्श पर अंग्रेजी में “I Love Ambikapur” भी लिख दिया। सुबह जब कार्यालय कर्मचारी पहुंचे तो वाशरूम की हालत देखकर हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता राजीव भवन पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को गंभीर बताते हुए जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। जिलाध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक ने कहा कि पिछले दो वर्षों में यह तीसरी बार है जब कांग्रेस कार्यालय को निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके में स्थित कार्यालय में लगातार चोरी की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। उन्होंने कहा कि राजीव भवन के आसपास यातायात पुलिस चौकी, कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जिला न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण संस्थान मौजूद हैं। इसके बावजूद चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। उन्होंने इसे दिया तले अंधेरा जैसी स्थिति बताया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आने वाले दिनों में राजीव भवन में सेवादल का प्रशिक्षण शिविर आयोजित होना था, लेकिन इस घटना से संगठन को आर्थिक और व्यवस्थागत नुकसान पहुंचा है। पार्टी ने पुलिस से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 मई 2026