क्षेत्रीय
16-May-2026


छपरा, (ईएमएस)। बिहार के सारण जिले के छपरा के गड़खा थाना क्षेत्र के शिवरहिंया गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ ग्रामीण गांव स्थित बगीचे की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना गड़खा थाना पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान मढ़ौरा थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव के तेजपूर्वा टोला निवासी साधु साह के 39 वर्षीय पुत्र गुड्डू साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शव शिवरहिंया गांव निवासी रामस्वरूप सिंह की गाछी में मिला। सूचना मिलते ही गड़खा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान की और परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि गुड्डू साह की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। संतोष झा- १६ मई/२०२६/ईएमएस