नई दिल्ली (ईएमएस)। आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप की जंग बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। आज ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले मुकाबले में गुजरात के युवा सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन के पास ऑरेंज कैप अपने नाम करने का शानदार मौका रहेगा। फिलहाल सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन सबसे ज्यादा रन बनाकर शीर्ष पर मौजूद हैं, लेकिन साई सुदर्शन उनसे बेहद मामूली अंतर से पीछे हैं। साई सुदर्शन ने इस सीजन शानदार बल्लेबाजी करते हुए 12 मैचों में 41.75 की औसत और 155.11 के स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए हैं। वह इस सीजन 500 रन का आंकड़ा पार करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे आगे सिर्फ हेनरिक क्लासेन हैं, जिनके नाम 508 रन दर्ज हैं। ऐसे में सुदर्शन को ऑरेंज कैप हासिल करने के लिए सिर्फ 8 रन की जरूरत है। हालांकि उनकी कोशिश केवल शीर्ष स्थान हासिल करने की नहीं, बल्कि बड़ी पारी खेलकर बाकी बल्लेबाजों से मजबूत बढ़त बनाने की भी होगी। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल भी इस मुकाबले में खास नजरों में रहेंगे। गिल इस समय 467 रन के साथ सातवें स्थान पर हैं और उनकी निगाहें टॉप-5 में वापसी पर टिकी होंगी। पांचवें स्थान पर मौजूद दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल ने अब तक 477 रन बनाए हैं। ऐसे में शुभमन गिल अगर आज 11 रन बना लेते हैं तो वह टॉप-5 बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो जाएंगे। गिल के पास भी ऑरेंज कैप की दौड़ में आगे निकलने का मौका है। फिलहाल हेनरिक क्लासेन और शुभमन गिल के बीच सिर्फ 41 रन का अंतर है। हालांकि यह काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि साई सुदर्शन आज कितनी बड़ी पारी खेलते हैं। यदि सुदर्शन जल्दी आउट होते हैं तो गिल के पास भी शीर्ष स्थान तक पहुंचने का मौका बन सकता है। आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप की दौड़ अब बेहद करीबी हो चुकी है। हेनरिक क्लासेन 508 रनों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि साई सुदर्शन 501 रन बनाकर दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। विराट कोहली 484 रन के साथ तीसरे, अभिषेक शर्मा 481 रन के साथ चौथे और केएल राहुल 477 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं। इसके अलावा लखनऊ सुपर जायंट्स के मिचेल मार्श और गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल दोनों के नाम 467-467 रन हैं। वहीं संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह भी अभी टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची में बने हुए हैं। जैसे-जैसे लीग अंतिम दौर में पहुंच रही है, ऑरेंज कैप की यह लड़ाई और भी दिलचस्प होती जा रही है। डेविड/ईएमएस 16 मई 2026