इन्दौर (ईएमएस) मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय खंडपीठ इन्दौर में जस्टिस संदीप एन. भट्ट की एकल पीठ ने डेली कॉलेज चुनाव को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई उपरांत चुनाव के खिलाफ दायर सभी याचिकाओं को इस टिप्पणी के साथ खारिज कर दिया कि याचिकाकर्ताओं के पास सुनवाई के लिए अवसर मौजूद है और चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। ज्ञात हो कि पूर्व में इन याचिकाओं को जस्टिस प्रणय वर्मा की एकलपीठ के समक्ष सुनवाई हेतु लिस्टेड किया गया था परन्तु उन्होंने सुनवाई स्थगित खुद को दूर कर लिया था। हालांकि उन्होंने इसका कारण नहीं बता इसे अन्य कोर्ट में सुनवाई के लिए भेजने का निर्णय लिया था। जिसके बाद डेली कॉलेज चुनाव को लेकर संदीप पारेख, विक्रम खंडेलवाल की ओर से पूर्व में दायर और जयसिंह झाबुआ की वर्तमान याचिका पर जस्टिस संदीप एन. भट्ट की एकल पीठ के समक्ष सुनवाई में डेली कॉलेज के जवाब पर बहस हुई। जिसमें याचिकाकर्ताओं ने डेली कॉलेज के संविधान संशोधन को गलत बताते हुए चुनाव निरस्त करने की मांग की। वहीं डेली कॉलेज की ओर से कहा गया कि संविधान संशोधन के खिलाफ अपील का अधिकार मौजूद है। 21 मई को चुनाव होना है, जिसके मतपत्र भी जारी हो चुके है। इसके बाद कोर्ट ने याचिकाओं को खारिज करते कहा कि इस मामले में रजिस्ट्रार के पास अपील करें। आनंद पुरोहित/ 16 मई 2026