राज्य
16-May-2026


- बंगाल भाजपा की मैराथन बैठक में अनुशासन और सांगठनिक मजबूती पर जोर - कोर कमेटी को मिले बड़े अधिकार कोलकाता (ईएमएस)। भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई की अहम संगठनात्मक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने पार्टी के भीतर अनुशासन और सांगठनिक मजबूती को लेकर बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने पार्टी कार्यक्रमों के पोस्टरों व बैनरों में नेताओं की तस्वीरों के क्रम को बदलने की नई व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया। इसके तहत अब राज्य स्तर के कार्यक्रमों में सीएम सुवेंदु अधिकारी की तस्वीर को पहले और प्रदेश अध्यक्ष की तस्वीर को बाद में स्थान दिया जाएगा, जिसे प्रशासनिक प्रमुख के प्रति सम्मान दिखाने से जोड़कर देखा जा रहा है। शमिक भट्टाचार्य ने साफ चेतावनी दी कि संगठन में प्रशासनिक पवित्रता और अनुशासन सर्वोपरि है; यदि कोई भी नेता या कार्यकर्ता भ्रष्टाचार, अत्याचार या अनुशासनहीनता में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने यहाँ तक कहा कि इस कार्रवाई के दौरान यदि विधायकों की संख्या कम भी होती है, तो पार्टी इसकी परवाह नहीं करेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय नेतृत्व की ओर से पश्चिम बंगाल के संगठनात्मक पर्यवेक्षक सुनील बंसल और सह-पर्यवेक्षक अमित मालवीय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सुनील बंसल ने राज्य में सांगठनिक खामियों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने पर बल देते हुए निर्देश दिया कि आगामी 25 तारीख तक प्रदेश के सभी जिलों में कोर कमेटियों का गठन अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए। इसके अलावा, उन्होंने आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए हर जिले से करीब सौ सक्रिय और सक्षम कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने को कहा है ताकि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत आधार मिल सके। बंसल ने यह भी स्पष्ट किया कि जिला स्तर पर अब कोई भी निर्णय किसी एक पदाधिकारी के व्यक्तिगत विवेक पर नहीं, बल्कि कोर कमेटी के माध्यम से सामूहिक रूप से लिया जाएगा। दिनभर चली इस मैराथन बैठक के बाद, रात में विधाननगर स्थित भाजपा कार्यालय में भी एक गुप्त कोर कमेटी बैठक हुई, जिसमें सुवेंदु अधिकारी और सुनील बंसल सहित कई शीर्ष नेता शामिल रहे। रामयश/ईएमएस 16 मई 2026