राज्य
16-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) भीषण गर्मी के साथ ही शहर में गहराते जल संकट को लेकर जहां शहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कल इन्दौर नगर निगम के सभी 22 झोनल कार्यालयों का घेराव कर खाली मटके लेकर प्रदर्शन किया था वहीं एक हैरतअंगेज मामले में भाजपा पार्षद ने कांग्रेस पार्षद के खिलाफ टैंकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराते पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामला भंवरकुआं थाना क्षेत्र का है। जहां निगम वार्ड क्रमांक 74 की भाजपा पार्षद सुनीता सुनील हार्डिया ने कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनके वार्ड में संचालित नगर निगम के दो पानी के टैंकरों को दबाव बनाकर दूसरे वार्ड में भेजा गया, जिससे क्षेत्र में जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई। पार्षद हार्डिया के अनुसार नगर निगम ने गर्मी में नागरिकों को राहत देने के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए थे कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी और उनके समर्थकों ने राजनीतिक द्वेष के चलते टैंकरों को जबरन रुकवाकर उनका संचालन अपने क्षेत्र में शुरू करा दिया। उन्होंने कहा कि जब निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। मामले में बताया जा रहा है कि कांग्रेस पार्षद के समर्थन में नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे भी संबंधित जोन कार्यालय पहुंचे और मामले में हस्तक्षेप किया। आनंद पुरोहित/ 16 मई 2026