पूर्व रॉ एजेंट लकी बिष्ट का दावा- सैनिक गश्त करने से भी खा रहे खौफ नई दिल्ली,(ईएमएस)। पाकिस्तानियों में बलूच लिबरेशन आर्मी का इतना खौफ है कि नेता अपने पैतृक स्थानों पर भी जाने से डर रहे हैं। ये दावा किया है पूर्व रॉ एजेंट लकी बिष्ट ने। बिष्ट ने दावा किया कि जमीनी हकीकत और रणनीतिक नजरिए से देखें तो रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान में स्थिति पूरी तरह से पाकिस्तान के नियंत्रण से बाहर है। 15 मई को बीएलए के आधिकारिक टेलीग्राम चैनल ने जारी बयान में कहा है कि 9 मई से 13 मई के बीच बीएलए आजाद बलूच ने मस्तुंग और कलात क्षेत्रों में पाकिस्तानी सेना पर एक के बाद एक तीन सटीक और घातक एम्बुश किए हैं, जिसमें कुल 7 पाकिस्तानी सैनिकों को ढेर कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व रॉ एजेंट ने आगे बताया कि इसका मनोवैज्ञानिक प्रभाव इतना गहरा है कि पाकिस्तानी सैनिक अब नियमित गश्त करने से भी खौफ खा रहे हैं। एक वीडियो में बलूचिस्तान असेंबली के सदस्य सादिक उमरानी बलूच ने खुलेआम कबूल किया है कि उनके अपने असेंबली सदस्य अब सड़क मार्ग से सफर नहीं कर सकते और यहां तक कि अपने पैतृक स्थानों पर भी नहीं जा सकते। बिष्ट ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि सामरिक हकीकत यह है कि बलूच स्वतंत्रता सेनानियों ने क्षेत्र को पूरी तरह से लॉक डाउन कर दिया है और बलूचिस्तान को कराची, पंजाब और इस्लामाबाद से जोड़ने वाले तीनों प्रमुख चोक पॉइंट्स पर अपना नियंत्रण कर लिया है। जब आपके अपने राजनेता यह स्वीकार कर लें कि वे अपने ही देश में फंसे हुए हैं और आपकी सेना गश्त करने से डरे, तो समझ लीजिए कि सत्ता के हाथ से बाजी निकल चुकी है। सिराज/ईएमएस 16मई26