अनिमेष कुजूर और मोहम्मद अफसल ने जीते गोल्ड रियाद (ईएमएस)। भारतीय एथलीटों ने रियाद में आयोजित सऊदी एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। भारतीय धावक मोहम्मद अफसल और युवा स्प्रिंटर अनिमेष कुजूर ने अपने-अपने मुकाबलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। प्रिंसेस नौराह बिंत अब्दुलरहमान यूनिवर्सिटी स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में कई देशों के एथलीटों ने हिस्सा लिया। राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक मोहम्मद अफसल ने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 मिनट 48.24 सेकंड का समय निकाला और पहला स्थान हासिल किया। अफसल ने दक्षिण अफ्रीका के क्रिस्टोफर स्वार्ट को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 1 मिनट 48.50 सेकंड में दौड़ पूरी की। वहीं वर्नर गौव्स 1 मिनट 48.75 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। अफसल इससे पहले पोलैंड में 1 मिनट 44.93 सेकंड का समय निकालकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना चुके हैं। एशियाई खेलों में भी उन्होंने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की थी। वहीं 22 वर्षीय अनिमेष कुजूर ने एक बार फिर भारत के सबसे तेज उभरते स्प्रिंटर के रूप में अपनी पहचान मजबूत की। उन्होंने पुरुषों की 200 मीटर दौड़ 20.77 सेकंड में पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ग्रेट ब्रिटेन के डेविड हैरिसन 20.87 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि टोबी हैरिस ने 21.01 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। अनिमेष कुजूर ने 100 मीटर दौड़ में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 10.44 सेकंड का समय निकाला और बेहद करीबी मुकाबले में दूसरे स्थान पर रहे। इस स्पर्धा में डेविड हैरिसन ने 10.42 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। भारत के पूर्व राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुरिंदरवीर सिंह ने भी 10.44 सेकंड का समय निकाला, लेकिन फोटो फिनिश में उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। अनिमेष कुजूर के नाम फिलहाल भारत में 100 मीटर और 200 मीटर दोनों स्पर्धाओं के राष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं। पिछले वर्ष उन्होंने ग्रीस में 10.18 सेकंड का समय निकालकर 100 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था। इसके बाद एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 20.32 सेकंड का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर 200 मीटर में भी इतिहास रचा। भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन यहीं नहीं रुका। एम कृषिक ने पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में 13.90 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। यह उनकी पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता थी। वहीं भारतीय पुरुष 4गुणा100 मीटर रिले टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 40.49 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया और मेजबान सऊदी अरब की टीम को पीछे छोड़ दिया। डेविड/ईएमएस 16 मई 2026