खेल
16-May-2026


हरमनप्रीत कौर समेत खिलाड़ियों ने लिया आशीर्वाद उज्जैन (ईएमएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंची, जहां खिलाड़ियों ने भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने भस्म आरती में हिस्सा लिया और आगामी विश्व कप में शानदार प्रदर्शन की कामना की। भारतीय टीम की कई खिलाड़ी अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचीं और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भारतीय महिला टीम की विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने बताया कि महाकाल मंदिर में आने से उन्हें मानसिक शांति मिलती है। उन्होंने कहा कि वह पिछले महीने भी बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आई थीं और भस्म आरती में शामिल होकर उन्हें काफी सुकून महसूस होता है। यास्तिका के अनुसार विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले सभी खिलाड़ी भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेना चाहती थीं, ताकि टीम का अभियान सफल और यादगार रहे। भारतीय क्रिकेट टीम और महाकाल मंदिर का विशेष संबंध पहले भी देखने को मिला है। इससे पहले वनडे विश्व कप का खिताब जीतने के बाद भी भारतीय टीम ने उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए थे। अब महिला टीम भी विश्व कप से पहले इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंदिर पहुंची। महिला टी20 विश्व कप 2026 का आगाज 12 जून से होने जा रहा है। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद टीम इंडिया 17 जून को नीदरलैंड का सामना करेगी। भारतीय टीम का तीसरा मुकाबला 21 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर दक्षिण अफ्रीका से होगा। वहीं 25 जून को भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबला खेला जाएगा। ग्रुप चरण के अपने अंतिम मैच में भारतीय टीम 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। भारतीय महिला टीम इस बार टी20 विश्व कप में दमदार प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी। साल 2024 में खेले गए टी20 विश्व कप में टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था और हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सका था। हालांकि पिछले कुछ समय में भारतीय टीम ने इस प्रारूप में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसी वर्ष भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को उसकी सरजमीं पर टी20 सीरीज में हराकर बड़ा संदेश दिया था। हालांकि अप्रैल 2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया को 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद टीम प्रबंधन और खिलाड़ियों को उम्मीद है कि विश्व कप में भारतीय टीम बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब जीतने की प्रबल दावेदार साबित होगी। डेविड/ईएमएस 16 मई 2026