राज्य
16-May-2026


आगरा (ईएमएस)। यूपी के आगरा के यमुनापार इलाके में क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष के कंपाउंडर बेटे की संदिग्ध मौत हो गई। युवा कंपाउंडर का शव उसके घर के पास ही सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़ा हुआ मिला। जब परिजनों ने शव को देखा तो उसके कपड़े फटे हुए थे और उसके एक हाथ में मेडिकल ड्रिप की सुई (इंट्रा कैप) लगी हुई थी। परिजन उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि उनके कंपाउंडर बेटे की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है। इस वारदात की जानकारी मिलते ही ट्रांस यमुना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को तुरंत पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। यह मामला ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इंदिरा ज्योति नगर कॉलोनी का है। यमुनापार क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष विनोद परमार ने पुलिस को बताया कि उनके 21 वर्षीय बेटे आकाश परमार उर्फ काकू की हत्या करके शव को यहां फेंका गया है। काकू एक निजी अस्पताल में बतौर कंपाउंडर नौकरी कर रहा था और उसकी जनवरी 2025 में ही शादी हुई थी। काकू शुक्रवार शाम को अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से घर से बाहर निकला था, जो अभी तक बरामद नहीं हुई है। जितेन्द्र 16मई 2026