राष्ट्रीय
17-May-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अगले हफ्ते भारत दौरे पर आने वाले हैं। विदेश मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा होगा, इस दौरे को दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। रुबियो यहां बहुप्रतीक्षित क्वाड (अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया) विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने आ रहे है। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने रुबियो के भारत आगमन की पुष्टि कर कहा कि दूतावास की टीम उनके स्वागत को लेकर उत्साहित है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मार्को रुबियो 24 मई को भारत आ सकते हैं। इस दौरान इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा, चीन की बढ़ती गतिविधियां और समुद्री सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि रुबियो नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिस्री से भी मुलाकात करने वाले है। यह यात्रा हाल के महीनों में कुछ मुद्दों पर देखे गए भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव के बाद आई है, और इन रिश्तों को फिर से मजबूत करने की एक महत्वपूर्ण कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, टेक्नोलॉजी साझेदारी और पश्चिम एशिया की स्थिति जैसे प्रमुख विषयों पर गहन बातचीत हो सकती है। हालांकि, अमेरिकी दूतावास की तरफ से अभी तक इस दौरे की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन कोलकाता स्थित अमेरिकी डिप्लोमैटिक सर्किल से जुड़े अधिकारियों ने इसके लगभग तय होने के संकेत दिए हैं। आशीष/ईएमएस 17 मई 2026