पश्चिम एशिया तनाव के बीच 13 मई को होर्मुज स्ट्रेट पार कर गुजरात पहुंचा जहाज अहमदाबाद,(ईएमएस)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज स्ट्रेट के आसपास बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सिमी एलपीजी कैरियर नामक एलपीजी टैंकर 20 हजार टन गैस लेकर गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल पोर्ट पर सुरक्षित पहुंच गया है। अधिकारियों के अनुसार जहाज ने 13 मई को रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट को सफलतापूर्वक पार किया था। सूत्रों के मुताबिक इस जहाज पर कुल 21 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें आठ यूक्रेनी और 13 फिलिपीनी नागरिक शामिल हैं। मौजूदा उच्च सतर्कता वाले माहौल में होर्मुज स्ट्रेट पार करने वाला यह 11वां एलपीजी टैंकर बताया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि जहाज की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए डायरेक्ट्रोरेट जनरल ऑफ शिपिंग, विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के बीच लगातार समन्वय बनाए रखा गया। सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में जहाज की यात्रा पूरी कराई गई। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट में जारी आंकड़ों के अनुसार भारत का कुल कच्चा तेल भंडार फरवरी के अंत में 107 मिलियन बैरल था, जो अब घटकर करीब 91 मिलियन बैरल रह गया है। यानी भंडार में लगभग 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अब तक भारतीय रिफाइनरियों ने उत्पादन और प्रोसेसिंग का काम स्थिर बनाए रखा है, लेकिन यदि पश्चिम एशिया में आपूर्ति बाधित होने की स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है तो रिफाइनरियों पर दबाव बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में कच्चे तेल की प्रोसेसिंग कम करने या उत्पादन घटाने जैसे कदम उठाने पड़ सकते हैं। ऊर्जा क्षेत्र के जानकार मानते हैं कि भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए होर्मुज स्ट्रेट बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि देश के बड़े हिस्से का तेल और गैस आयात इसी मार्ग से होकर आता है। ऐसे में ‘सिमी’ जहाज का सुरक्षित पहुंचना ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 17मई26