राष्ट्रीय
17-May-2026
...


कई राज्यों में भीषण गर्मी, जंगल सफारी में लगाए एसी-स्प्रिंकलर नई दिल्ली,(ईएमएस)। पश्चिम में राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र-विदर्भ से लेकर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत आठ राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। इन इलाकों में पारा लगातार 40 से ऊपर है। दिन के साथ रातें भी गर्म हैं। शनिवार को महाराष्ट्र के अमरावती और वर्धा देश के सबसे गर्म शहर रहे। दोनों शहरों का तापमान 46 डिग्री रहा। यूपी के बांदा, मध्य प्रदेश का नौगांव और खंडवा में भी पारा 44 डिग्री से ज्यादा रहा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गुजरात के एकता नगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास बनी जंगल सफारी में जानवरों और पक्षियों के लिए एसी, कूलर और स्प्रिंकलर लगाए गए हैं। वडोदरा के सायाजीबाग जूलॉजिकल पार्क ने जानवरों और पक्षियों को गर्मी से बचाने के लिए ठंडक के कई इंतजाम किए हैं। इनमें पानी का छिड़काव, बर्फ के टुकड़े, फॉगर शामिल हैं। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है। राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट है। रातें भी गर्म रहेंगी। असम, मेघालय, केरलम, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान है। 19 मई को यूपी में कुछ जगहों पर भीषण लू चल सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर भी लू चलने की आशंका है। असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी में कुछ जगहों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं चलेंगी। झारखंड में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। अरुणाचल प्रदेश में बिजली गिरने की आशंका जताई जा रही है। सिराज/ईएमएस 17मई26