अंतर्राष्ट्रीय
17-May-2026


-सोशल मीडिया पर हिज़बुल्लाह हमले के दावे वायरल -इजराइल ने कहा— यह केवल नियंत्रित सैन्य परीक्षण था तेल अवीव,(ईएमएस)। बेइत शेमेश इलाके के पास शनिवार रात हुए एक बड़े धमाके ने इजराइल में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। विस्फोट के बाद आसमान में मशरूम क्लाउड जैसा विशाल धुएं का गुबार दिखाई दिया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। घटना यरुशलम के नजदीक स्थित उस क्षेत्र में हुई जहां रक्षा क्षेत्र से जुड़ी गतिविधियां संचालित होती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार धमाका टॉमर परीक्षण केंद्र के पास हुआ। टॉमर इजराइली सेना के लिए रॉकेट और मिसाइल इंजन विकसित करने वाली प्रमुख कंपनी मानी जाती है। वायरल वीडियो में आग का बड़ा गोला, तेज धमाके की आवाज और ऊंचाई तक उठता धुआं देखा गया, जिससे स्थानीय लोगों में भय और भ्रम की स्थिति बन गई। घटना के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर कई दावे सामने आए, जिनमें कहा गया कि हिजबुल्लाह ने मिसाइल हमला कर इजराइल की मिसाइल फैक्ट्री को निशाना बनाया है। कुछ पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि हमला इतना भीषण था कि पूरी फैक्ट्री तबाह हो गई। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इजराइली अधिकारियों और टॉमर कंपनी ने इन सभी दावों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि यह एक “पूर्व-नियोजित और नियंत्रित परीक्षण” था। कंपनी के आधिकारिक बयान में कहा गया कि परीक्षण सैन्य तकनीक और रॉकेट इंजन प्रणाली से संबंधित था तथा इसमें कोई असामान्य घटना नहीं हुई। इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स में भी अधिकारियों के हवाले से बताया गया है, कि विस्फोट के कारण आसपास के नागरिक क्षेत्रों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और न ही किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। बावजूद इसके, मशरूम क्लाउड जैसे दृश्य और तेज धमाके ने लोगों की चिंता बढ़ा दी, खासकर ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया में पहले से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। हिदायत/ईएमएस 17मई26