ट्रेंडिंग
17-May-2026
...


-सरकार ने कार्रवाई तेज करने का दावा किया नई दिल्ली,(ईएमएस)। नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संजय मयूख ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों को “भ्रम फैलाने वाला और राजनीतिक रूप से प्रेरित” बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति कर रही है, जबकि मामला लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा है। डॉ. मयूख ने कहा कि सरकार ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए सीबीआई जांच, प्रभावित छात्रों के लिए पुनः परीक्षा और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने जैसे कदम उठाए हैं। उनके अनुसार, यह दर्शाता है कि सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि विपक्ष, खासकर राहुल गांधी, लगातार सरकार की छवि खराब करने के लिए बिना तथ्यों के बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने तत्काल कदम नहीं उठाए होते तो विपक्ष इसे निष्क्रियता करार देता, और अब जब कार्रवाई की गई है तो उसे भी निशाना बनाया जा रहा है। डॉ. मयूख ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि पार्टी को पहले अपने कार्यकाल में हुए कथित पेपर लीक और परीक्षा घोटालों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने एआईपीएमटी पेपर लीक, एसएससी घोटाले और सीबीएसई पेपर लीक जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष का इतिहास युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ का रहा है। सरकार की ओर से यह भी दावा किया गया कि मामले में कई गिरफ्तारियां की गई हैं। इसमें कथित मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी और बायोलॉजी लेक्चरर मनीषा मंधारे के नाम सामने आए हैं, जबकि जयपुर, गुरुग्राम और नासिक सहित कई स्थानों पर छापेमारी कर संदिग्धों को पकड़ा गया है। बीजेपी का कहना है कि सरकार की नीति स्पष्ट है— पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” अपनाया जाएगा। पार्टी ने कहा कि यह कार्रवाई युवाओं के हितों की रक्षा के लिए की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरे विवाद के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, जबकि लाखों छात्र और अभिभावक परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और भविष्य को लेकर चिंतित हैं। हिदायत/ईएमएस 17मई26