कोलकाता (ईएमएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने आईपीएल के इस सत्र में टीम के शुरुआत में उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं करने का कारण बताया है। ग्रीन ने कहा कि टीम संयोजन और खिलाड़ियों की भूमिका तय करने में काफी समय लगा दिया गया था जिससे कारण भी टीम पिछड़ गयी। साथ ही कहा कि एक बार सही संयोजित बैठने के बाद टीम ने लय हासिल कर ली। केकेआर ने शनिवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत दर्ज कर प्लेऑफ के लिए अपनी उम्मीदों को बनाये रखा है। ग्रीन ने बताया, टीम के अंदर किसी तरह की आशंका नहीं थी। मुझे लगता है कि हमने खिलाड़ियों की सही भूमिका और बल्लेबाजी क्रम में उनके स्थान को तय करने में थोड़ा ज्यादा समय लगा दिया। उन्होंने साथ ही कहा कि टीम में सभी खिलाड़ी प्रतिभाशाली हैं पर उनके लिए सही जगह खोजना ही असली चुनौती थी। ग्रीन ने स्वयं अपनी बात करते हुए कहा, मुझे लगता है कि मैं किसी भी स्थान पर बल्लेबाजी कर सकता हूं, यह इस बात पर निर्भर करता है कि टीम के लिए सबसे अच्छा क्या है। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने शीर्ष क्रम में शानदार प्रदर्शन किया है। युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने भी नंबर तीन पर अच्छी बल्लेबाजी की। ग्रीन ने कहा, अब हमने अपनी जगह तय कर ली है और इसीलिए हम खुद को थोड़ा मौका दे रहे हैं। इस स्पष्टता के बाद ही टीम का बेहतर प्रदर्शन होने लगा है। केकेआर ने हाल ही में गुजरात टाइटंस के सामने खेले गए मुकाबले में शानदार खेल दिखाया, जहां कैमरून ग्रीन ने नाबाद 52 रन की आक्रामक पारी खेली। केकेआर इस सीजन में अब तक 12 मैच खेल चुकी है। इनमें से टीम को 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया और पांच में उसने जीत दर्ज की है। टीम के पास अभी 11 अंक हैं और वह अंक तालिका में सातवें नंबर पर है। गिरजा/ईएमएस 18मई 2026