फिरोजाबाद(ईएमएस) आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक कलैक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, धर्मगुरु और संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि फिरोजाबाद आपसी भाईचारे की मिसाल है। यहां सभी समुदाय के लोग मिलजुलकर त्यौहार मनाते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि त्यौहारों के दौरान कोई नई या अपरंपरागत प्रथा शुरू न की जाए। केवल पुरानी परंपराओं का ही पालन हो। प्रशासन 24×7 जनता की सेवा में तत्पर है और बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। कड़ी चेतावनी और व्यवस्थाएं जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अराजकता और असामाजिक गतिविधियां बर्दाश्त नहीं होंगी। माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने धर्मगुरुओं से अपील की कि वे युवाओं को संयम और पवित्रता से त्यौहार मनाने के लिए प्रेरित करें। त्यौहारों के दौरान एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा जो हर गतिविधि पर नजर रखेगा। सभी एसडीएम और सीओ संयुक्त भ्रमण करेंगे। घाटों पर बैरिकेडिंग और आपदा मित्रों की ड्यूटी लगाई जाएगी। नदियों में नाव और नाविक तैनात रहेंगे। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल निगम को निरंतर पेयजल आपूर्ति और जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक की अपील वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि नमाज केवल परिसर के अंदर अदा की जाए। सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न हो और न ही उसका सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण या फोटो-वीडियो साझा किया जाए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर कठोर कार्रवाई होगी। कुर्बानी के अवशेषों का उचित निस्तारण जरूरी है। उन्होंने AI तकनीक से फैलने वाली अफवाहों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी। सभी प्रमुख मंदिर, मस्जिद और धार्मिक स्थलों पर सीसीटीवी चालू रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी, अपर जिलाधिकारी कल्पना जयसवाल, अरविंद द्विवेदी, मोहन लाल गुप्ता समेत सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु उपस्थित रहे। अंत में सभी धर्मगुरुओं ने त्यौहारों को सौहार्द और शांति से मनाने की प्रतिबद्धता जताई। ए. शर्मा/ईएमएस फिरोजाबाद