सीतापुर (ईएमएस) । लखनऊ में न्यायालय परिसर के पास अधिवक्ताओं के चैंबर हटाने के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को सीतापुर का अधिवक्ता समाज उग्र दिखाई दिया। बार एसोसिएशन सीतापुर के आह्वान पर वकीलों ने न्यायिक कार्य से पूरी तरह विरत रहते हुए अदालतों का कामकाज ठप कर दिया। पूरे दिन कचहरी परिसर में सन्नाटा पसरा रहा और कई मुकदमों की सुनवाई प्रभावित हुई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय सहाय और महासचिव सुधीर शर्मा के नेतृत्व में आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं ने पुलिस कार्रवाई की तीखी निंदा की। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कहा गया कि लखनऊ में हुए लाठीचार्ज में कई अधिवक्ता घायल हुए हैं और विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही जनपद न्यायाधीश समेत अन्य न्यायिक अधिकारियों को प्रस्ताव की प्रतियां भेजकर अनुरोध किया गया कि अधिवक्ताओं और वादकारियों की अनुपस्थिति में किसी भी मुकदमे में एकपक्षीय या प्रतिकूल आदेश पारित न किए जाएं। वकीलों ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने जिस तरह बल प्रयोग किया, उसने लोकतांत्रिक मूल्यों और न्याय व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। बार पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। आलोक कुमार बाजपेयी सीतापुर (उ. प्र.) 18-05-2026