:: आईईटी के रामानुजन हॉस्टल में शराब पार्टी के बाद आधी रात को मचाया हुड़दंग; विवि प्रशासन सख्त, रोके जाएंगे परीक्षा परिणाम, नियोक्ताओं को भी दी जाएगी सूचना :: इंदौर (ईएमएस)। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) में विदाई के जश्न के नाम पर अंतिम वर्ष के इंजीनियरिंग छात्रों द्वारा आधी रात को जमकर हुड़दंग मचाने और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामानुजन हॉस्टल में आयोजित एक कथित शराब पार्टी के दौरान छात्रों ने न केवल अनुशासन की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि हॉस्टल परिसर में जमकर तोड़फोड़ भी की। इस पूरी घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में से एक में छात्र अर्धनग्न अवस्था में पंजाबी गानों पर थिरकते और मर्यादाएं लांघते नजर आ रहे हैं। वहीं अन्य वीडियो क्लिपों में छात्र हॉस्टल परिसर के भीतर रखी प्लास्टिक की मेज, कुर्सियां और पानी की टंकी को बेरहमी से तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, हंगामे के बाद हॉस्टल की कई खिड़कियों के कांच भी टूटे हुए पाए गए हैं, जिससे साफ है कि उपद्रव काफी बड़े स्तर पर हुआ था। :: शराब के नशे में बेकाबू हुए छात्र, जांच कमेटी गठित :: आईईटी के निदेशक डॉ. प्रतोष बंसल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय प्रबंधन को इस अशोभनीय घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के माध्यम से मिली। उन्होंने बताया कि ये सभी बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र हैं, जिन्होंने इसी वर्ष अपनी पढ़ाई पूरी की है। डॉ. बंसल के अनुसार, पढ़ाई पूरी होने की खुशी में आयोजित इस पार्टी में शराब का सेवन करने के बाद छात्र पूरी तरह बेकाबू और उग्र हो गए थे। लगभग 150 छात्रों की क्षमता वाले इस हॉस्टल में हुई इस गंभीर अनुशासनहीनता के मामले को अब विश्वविद्यालय की अनुशासन समिति (डिसिप्लिनरी कमेटी) को सौंप दिया गया है, जो पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी। :: परिणाम रोके जाएंगे, वसूला जाएगा भारी जुर्माना :: विश्वविद्यालय प्रशासन ने उपद्रवी छात्रों के खिलाफ बेहद सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं। संस्थान के निदेशक ने स्पष्ट किया कि इस हुड़दंग में शामिल सभी दोषी छात्रों के परीक्षा परिणाम (रिजल्ट) तत्काल प्रभाव से रोक दिए जाएंगे। इसके साथ ही, सरकारी संपत्ति को पहुंचाए गए नुकसान की शत-प्रतिशत भरपाई करने के लिए इन छात्रों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। इस संबंध में सभी दोषी छात्रों के माता-पिता को भी विश्वविद्यालय परिसर में तलब किया जा रहा है। :: प्लेसमेंट पा चुके छात्रों की कंपनियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट :: संस्थान ने छात्रों के भविष्य और उनके आचरण को लेकर एक और बड़ा फैसला लिया है। अधिकारियों ने बताया कि जिन अंतिम वर्ष के छात्रों का विभिन्न कंपनियों में कैंपस प्लेसमेंट हो चुका है और जिन्हें नौकरी के ऑफर मिल चुके हैं, उनके नियोक्ताओं (एम्प्लॉयर्स) को भी इस अमर्यादित और अनुचित गतिविधि में उनकी संलिप्तता की आधिकारिक सूचना भेजी जाएगी। विश्वविद्यालय के इस कड़े रुख से हुड़दंग मचाने वाले छात्रों में हड़कंप मच गया है। प्रकाश/18 मई 2026