:: एमजीएम मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की घटना, जबलपुर का रहने वाला था एमडी का छात्र; मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, जांच में जुटी पुलिस :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के शासकीय महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज में सोमवार तड़के एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां स्नातकोत्तर (पीजी) के एक छात्र ने कॉलेज हॉस्टल की छठी मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे और चिकित्सा जगत में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मर्म कायम कर मामले की बारीक जांच शुरू कर दी है। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) तुषार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान 28 वर्षीय अमन पटेल के रूप में हुई है। अमन मूल रूप से जबलपुर का रहने वाला था और इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज से एमडी (मेडिसिन) की पढ़ाई कर रहा था। शुरुआती जांच और परिस्थितियों के आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि अमन ने सोमवार तड़के करीब दो बजे संयोगितागंज क्षेत्र में स्थित बॉयज हॉस्टल की छठी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। :: प्रत्यक्षदर्शी और सुसाइड नोट की तलाश :: पुलिस के अनुसार, घटना बेहद तड़के होने के कारण फिलहाल कोई भी प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट या ऐसा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का पता चल सके। घटना के बाद हॉस्टल और कॉलेज परिसर में शोक का माहौल व्याप्त है। :: तनाव के कारणों पर संशय, जांच जारी :: एसीपी तुषार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम हॉस्टल में रहने वाले अन्य साथी छात्रों, अमन के दोस्तों और उसके करीबियों से लगातार पूछताछ कर रही है। हालांकि, शुरुआती पूछताछ में अब तक ऐसी कोई बात या जानकारी सामने नहीं आई है जिससे यह संकेत मिले कि छात्र किसी भी प्रकार के मानसिक या अकादमिक तनाव में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही समय और कारणों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले में आकस्मिक मौत का प्रकरण दर्ज कर छात्र की मृत्यु से जुड़े सभी संभावित पहलुओं और दृष्टिकोणों से सघन जांच कर रही है। प्रकाश/18 मई 2026