राज्य
18-May-2026


:: ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर सहित आधे से अधिक प्रदेश में भीषण गर्मी की चेतावनी; इंदौर में सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा न्यूनतम तापमान :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश में सूरज के तीखे तेवरों ने आमजन को बेहाल करना शुरू कर दिया है। तेजी से बढ़ते तापमान और झुलसाने वाली गर्मी के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 55 में से 31 जिलों के लिए लू (हीटवेव) की गंभीर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के इस अलर्ट में ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर जैसे बड़े शहर भी शामिल हैं, जहां आगामी दिनों में तपिश और बढ़ने की आशंका है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, रात के तापमान में भी भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। इंदौर और सागर में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। वहीं, जबलपुर में यह 28.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि दतिया और गुना में 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। :: इंदौर में रात का पारा सामान्य से 4 डिग्री ऊपर :: मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इंदौर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जिसने रात की बेचैनी बढ़ा दी है। इसी तरह सागर में भी रात का तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। इस भीषण गर्मी के बीच सतपुड़ा की रानी के नाम से विख्यात प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम है। :: 45 डिग्री तक पहुंच सकता है अधिकतम तापमान :: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। राज्य के अधिकांश जिलों में दिन का पारा 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने के आसार हैं। तपिश की इसी स्थिति को देखते हुए विभाग ने प्रदेश के जिन 31 जिलों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें प्रमुख रूप से विदिशा, रायसेन, खंडवा, रतलाम, गुना, ग्वालियर, दतिया, रीवा, राजगढ़, उज्जैन, जबलपुर, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ शामिल हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने नागरिकों को दोपहर के समय अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। प्रकाश/18 मई 2026