अंतर्राष्ट्रीय
19-May-2026
...


पश्चिम एशिया में फिर गहराया संकट तेहरान (ईएमएस)। पश्चिम एशिया में हालात लगातार संवेदनशील और बेकाबू होते जा रहे हैं। एक तरफ जहां इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच हुआ सीजफायर सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रहा है, वहीं दूसरी तरफ ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर नए और कड़े संकेत देकर वैश्विक चिंता बढ़ा दी है। इस बीच, क्षेत्र में शांति बहाली की कोशिशों के तहत पाकिस्तानी गृहमंत्री मोहसिन नकवी भी ईरान पहुंचे हैं, ताकि ईरान और अमेरिका के बीच उपजे गंभीर तनाव को कम किया जा सके। हालांकि, जमीनी स्तर पर युद्ध की तैयारियां जोरों पर हैं और ईरानी मीडिया में आम नागरिकों को एके-47 बंदूक चलाने की बकायदा ट्रेनिंग दी जा रही है। इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने लेबनान में हिजबुल्लाह के करीब 100 ठिकानों पर भीषण हमले किए हैं। यह सैन्य कार्रवाई हिजबुल्लाह द्वारा किए गए ड्रोन, मोर्टार और विस्फोटक हमलों के जवाब में की गई है। इजरायल ने दक्षिणी लेबनान के टायर इलाके सहित कई महत्वपूर्ण ठिकानों पर बने आतंकी ढांचों, हथियारों के गोदामों और ऑब्जर्वेशन पोस्ट को निशाना बनाया है। हालांकि, अमेरिका की मध्यस्थता के बाद इजरायल और लेबनान के बीच सीजफायर को 45 दिनों के लिए बढ़ाने पर सहमति बनी थी, लेकिन दोनों ओर से हो रही गोलीबारी के कारण शांति की उम्मीदें धूमिल होती दिख रही हैं। हिजबुल्लाह लगातार इजरायली सैनिकों पर किए जा रहे ड्रोन हमलों के वीडियो जारी कर अपनी आक्रामकता दिखा रहा है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, इस हालिया संघर्ष में अब तक 2,969 लोगों की मौत हो चुकी है और 9,000 से अधिक लोग घायल हैं। तनाव की आंच अब अन्य क्षेत्रों तक भी फैल रही है। यरुशलम के पास बीत शेमेश इलाके में एक इजरायली रक्षा कंपनी के टेस्टिंग ग्राउंड पर हुए जोरदार धमाके ने हड़कंप मचा दिया है। हालांकि कंपनी ने इसे पूर्व-निर्धारित परीक्षण बताया है, लेकिन बिना सूचना के हुए इस धमाके से स्थानीय लोगों में दहशत है। दूसरी ओर, ईरान के सुप्रीम लीडर के सलाहकार मोहम्मद मोखबर ने कुवैत और यूएई जैसे खाड़ी देशों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि उन्होंने अपनी जमीन ईरान के दुश्मनों के लिए खोल दी है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इधर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने होर्मुज स्ट्रेट में ईरान की घेरेबंदी तेज करते हुए अब तक 78 जहाजों को वापस लौटा दिया है। इसके जवाब में ईरान ने एक नया ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की घोषणा की है, जिसके तहत होर्मुज स्ट्रेट से केवल उन्हीं जहाजों को गुजरने की अनुमति मिलेगी जो ईरान को सहयोग करेंगे, जबकि अमेरिका के प्रोजेक्ट फ्रीडम से जुड़े जहाजों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। वैश्विक व्यापार और सुरक्षा के लिहाज से यह टकराव आने वाले दिनों में और खतरनाक रूप ले सकता है। वीरेंद्र/ईएमएस 19 मई 2026