- चांडिल में 5 कच्चे घरों को किया जमींदोज - सालभर का अनाज खाया; ग्रामीणों में दहशत सरायकेला (ईएमएस)। झारखंड के सरायकेला जिले के चांडिल प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल है। देर रात एक विशालकाय जंगली हाथी ने लावा बहेराडीह और काशीपुर गांवों में अचानक धावा बोल दिया। इस उत्पात के दौरान हाथी ने एक-एक कर पांच कच्चे घरों की दीवारें और छप्पर ढहा दिए। घरों को जमींदोज करने के साथ ही हाथी ने वहां रखा सालभर का धान, चावल और अन्य अनाज भी चट कर दिया। घटना के समय घरों में सो रहे ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए अंधेरे में ही बाहर की ओर भागे। बाद में ग्रामीणों ने एकजुट होकर शोर मचाया और मशालें जलाकर हाथी को किसी तरह जंगल की ओर खदेड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, प्रभावित होने वालों में लावा बहेराडीह गांव के तरनी महतो, पूर्णचंद महतो और राजीव महतो शामिल हैं, जबकि दो अन्य घर काशीपुर गांव में क्षतिग्रस्त हुए हैं। यह अकेला हाथी पिछले कई दिनों से इस पूरे इलाके में सक्रिय है और हर रात गांवों को निशाना बना रहा है। पिछले महज एक सप्ताह के भीतर चांडिल के विभिन्न गांवों में एक दर्जन से अधिक घरों को नुकसान पहुंच चुका है, जिससे ग्रामीणों के सामने रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया है। इस स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सूचना देने के बाद भी विभाग की टीम समय पर नहीं पहुंचती और न ही अब तक पीड़ित परिवारों को कोई मुआवजा मिला है। सुरक्षा और मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है और वे रात-रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। - ईएमएस 19 मई 2026