- निगम प्रशासन के जनहितैषी निर्णय का नागरिक उठा रहे भरपूर लाभ कटनी (ईएमएस)। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा जलकर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करने एवं समय पर राजस्व प्राप्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लागू की गई सालाना अग्रिम भुगतान योजना को लेकर नागरिकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हो रही है। योजना के अंतर्गत जलकर की वार्षिक राशि का एकमुश्त अग्रिम भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को 1 माह के जल कर के बराबर की छूट प्रदान की जा रही है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में नागरिकों द्वारा लिया जा रहा है। निगम प्रशासन द्वारा लिया गया यह जनहितैषी निर्णय आम नागरिकों को आर्थिक सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ नियमित कर भुगतान की परंपरा को भी बढ़ावा दे रहा है। योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को एक ओर जहां छूट का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर उन्हें बार-बार भुगतान की प्रक्रिया से भी राहत प्राप्त हो रही है। निगम प्रशासन ने बताया कि इस विशेष छूट योजना की अवधि समाप्त होने में अभी 40 दिन शेष हैं। ऐसे में ऐसे जलकर उपभोक्ता जिन्होंने अभी तक अग्रिम भुगतान नहीं किया है, उनसे अपील की गई है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर निगम कार्यालय अथवा अपने नजदीकी जोन कार्यालय के माध्यमों से जलकर का वार्षिक अग्रिम भुगतान कर इस विशेष छूट का अधिकतम लाभ प्राप्त करें। निगम प्रशासन का मानना है कि नागरिक सहभागिता एवं समयबद्ध कर भुगतान से नगर की मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा तथा पेयजल व्यवस्था के संचालन एवं रखरखाव कार्यों को भी गति मिलेगी। ईएमएस / 20 मई 26