कई शहरों में तापमान 47 डिग्री के पार, हीटवेव का रेड अलर्ट नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में मंगलवार को भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति देखने को मिली। शाम 5:30 बजे तक प्राप्त मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजधानी दिल्ली के सभी प्रमुख मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इस तेज गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित किया और लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली में सबसे अधिक तापमान रिज क्षेत्र में 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सफदरजंग और पालम में 45.1 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 45.2 डिग्री सेल्सियस और अयानगर में 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार यह तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जो गंभीर हीटवेव की स्थिति को दर्शाता है। दिनभर गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण राजधानी में हालात और कठिन हो गए। वहीं न्यूनतम तापमान भी 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा, जिससे रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। दिल्ली के किसी भी हिस्से में इस दौरान बारिश दर्ज नहीं की गई, जिससे मौसम और अधिक शुष्क और गर्म बना रहा। रिज में सबसे ज्यादा 46.5 डिग्री उत्तर प्रदेश में भी मौसम विभाग ने गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 19 मई 2026 को रेड वॉर्निंग जारी करते हुए बताया कि अगले दो दिनों तक कई जिलों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी रह सकती है। 19 मई को आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा और फतेहपुर में हीटवेव की चेतावनी दी गई है। दूसरे दिन यानी 20 मई को आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा, फतेहपुर के साथ औरैया, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज में भी भीषण गर्मी की स्थिति की संभावना जताई गई है। दिल्ली में यह स्थिति पिछले दो वर्षों में मई महीने का सबसे गर्म दिन भी दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में तापमान लगातार बढ़ता गया और पिछले दिन की तुलना में 1.1 डिग्री से 1.9 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी देखी गई। यह बढ़ोतरी 24 घंटे के भीतर दर्ज की गई, जो तेज गर्मी बढऩे का संकेत है।