राज्य
20-May-2026


अलीगढ़ (ईएमएस)। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आहुत की गई। जिलाधिकारी ने बैठक में सख्त रूख अपनाते हुए एबीएसए शहर के बैठक से अनुपस्थित रहने पर जबकि स्कूल चलो अभियान में अपेक्षानुरूप प्रगति पर करने पर एबीएसए टप्पल, गोंडा एवं बिजौली के वेतन आहरण पर रोक लगाई। उन्हांेने कहा कि शासकीय सेवा में रहते हुए बच्चों को सुशिक्षित कराने जैसा पुनीत कार्य आप को करने का मौका मिला है, ऐसे में संवेदनशीलता एवं मानवता से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। बैठक का संचालन करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा0 राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कक्षा 01 से 08 तक विगत वर्ष 2.18 लाख के सापेक्ष 2.04 लाख बच्चों के नामांकन हो गए हैं। जिले में 68 हजार नये बच्चों के नामांकन के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 42450 बच्चे पंजीकृत किए गए हैं। डीएम ने सभी एबीएसए का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए आवंटित लक्ष्य को एक माह में पूर्ण कर अपेक्षित प्रगति करने के निर्देश दिए। डीबीटी योजनान्तर्गत शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं का आधार, बैंक एवं अन्य बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए ताकि शासन द्वारा भेजी जाने वाली धनराशि सभी को प्राप्त हो सके। मॉडल कम्पोजिट विद्यालय गनियावली की धीमी निर्माण प्रगति पर कार्यों में गति लाने एवं बेसवां के लिए दो बार निविदा निरस्त होने पर डीएम ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विकास कार्यों में बिना उचित कारण के निविदा निरस्त होने पर शासन को धनराशि समर्पित करने की संस्तुति कर दी जाएगी जिसका सारा उत्तरदायित्व संबंधित अधिकारी का होगा। जर्जर विद्यालयों के ध्वस्तीकरण में 345 के सापेक्ष 22 एवं लाइन शिफ्टिंग के 98 के सापेक्ष 17 अवशेष रहने पर जल्द से जल्द लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने निपुण टीम द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों पर असहमति जताते हुए एआरपी द्वारा किए जा रहे फील्ड वर्क कर पृथक से सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हम सभी का कार्य जिले में बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा दिलाते हुए उनका मजबूत आधार तैयार करना है ताकि वह उच्च शिक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने निपुण टीम को निर्देशित किया कि पोर्टल पर फीड डाटा के बजाय सैंपल डाटा के आधार पर अपनी कार्ययोजना बनाएं और फिर उन बिन्दुओं पर वर्ष भर कार्य कर धरातल पर उसका क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं। बैठक में सीडीओ योगेन्द्र कुमार, पीडी भाल चन्द त्रिपाठी, सीएमओ डा0 नीरज त्यागी, डीआईओएस डा0 पूरन सिंह, डीपीओ के0के0 राय समेत एबीएसए एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 20 मई 2026