देवास (ईएमएस)। परम् सद्गुरु श्री गजानन महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर कांटाफोड़ स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में पर्यावरण शुद्धिकरण एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 511 पात्रों में सामूहिक अग्निहोत्र यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माधव आश्रम भोपाल एवं मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद भोपाल के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में लगभग 11 गांवों से आए किसानों, महिलाओं एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। भोपाल से आई माधव आश्रम की टीम की नलिनी माधव दीदी ने अग्निहोत्र का महत्व बताया, वहीं विवेक पोद्दार ने अग्निहोत्र आधारित कृषि एवं जैविक खेती के लाभों की जानकारी दी। आदर्श ग्राम खेरखेड़ा से 21 किसानों एवं महिलाओं ने भी सामूहिक अग्निहोत्र में सहभागिता की। आयोजन में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया। किसानों को जैविक भोजन परोसा गया तथा खाखरे के दोना-पत्तल, कागज के गिलास एवं मिट्टी के पात्रों का उपयोग किया गया। कार्यक्रम स्थल पर श्री दीप ज्योति जैविक बाजार का स्टॉल भी लगाया गया, जहां जैविक उत्पादों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में नगर विकास प्रस्फुटन समिति के सचिव संजय शर्मा ने उपस्थित लगभग 1100 किसानों का आभार व्यक्त किया। अग्निहोत्र कृषि को बढ़ावा देने के लिए जय प्रकाश मीणा तथा श्री दीप ज्योति बीआरसी सेंटर के संचालक रामभरोस बैरागी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर किसानों ने एक-एक एकड़ में जैविक खेती करने एवं घर-घर अग्निहोत्र, गांव-गांव अग्निहोत्र अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कन्नौद एवं खातेगांव ब्लॉक की नवांकुर एवं प्रस्फुटन समितियों के सदस्य भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि आदर्श ग्राम खेरखेड़ा में प्रत्येक पूर्णिमा पर सामूहिक अग्निहोत्र एवं प्रत्येक अमावस्या पर मां नर्मदा के फतेहगढ़ घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। ईएमएस/ मोहने/20 मई 2026