नरसिंहपुर, (ईएमएस)। . जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से ग्राम बुढ़ेना में जल संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह संगोष्ठी मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद नरसिंहपुर के गोरखपुर सेक्टर अंतर्गत ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बुढ़ेना द्वारा आयोजित किया गया। जल संगोष्ठी में ग्रामीणजन, समिति के सदस्य, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। मप्र जनअभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री जय नारायण शर्मा ने जल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से बताया कहा कि वर्तमान समय में जल संकट को दूर करने के लिए प्रत्येक नागरिक को जल बचाने एवं जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने जलगंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत वर्षभर संचालित की जाने वाली गतिविधियों एवं सामुदायिक सहभागिता पर आधारित कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान को तीन चरणों में क्रियान्वित किया जा रहा है। प्रथम चरण (मार्च से जून) में जल संरक्षण से जुड़े निर्माण कार्य, जल स्रोतों की साफ-सफाई, तालाब, कुएं एवं बावड़ियों के पुनर्जीवन तथा नई जल संरचनाओं के निर्माण पर विशेष बल दिया जा रहा है। द्वितीय चरण (जुलाई से अक्टूबर) में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन को बढ़ावा दिया जाएगा। वहीं तृतीय चरण (नवंबर से फरवरी) में वर्षा जल संचयन को सुनिश्चित करने हेतु बोरी बंधान, गैंबियन स्ट्रक्चर एवं अन्य लघु जल संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा, जिससे भूजल स्तर में वृद्धि हो सके। मेरावी/ ईएमएस / 20/05/2026