क्षेत्रीय
20-May-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). जिले के वारासिवनी स्थित सांदीपनि विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र मयंक मात्रे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता आईएसएससी-2026 (इंटरनेशनल स्पेस साइंस कॉम्पिटिशन) में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर जिले एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। कक्षा 12 वीं गणित संकाय (अंग्रेजी माध्यम) के छात्र मयंक ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रैंड विनर का खिताब अपने नाम किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। कलेक्टर मृणाल मीना ने मयंक की इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं प्रेषित की है। इसके साथ ही एसडीएम वारासिवनी कार्तिकेय जायसवाल, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के संचालक डॉ डीएस कुशवाह, सहायक संचालक डॉ रंजन शर्मा, सुरेश मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी उपाध्याय सहित पीपुल्स ग्रूप सांदीपनि सेल भोपाल ने भी छात्र एवं विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं प्रेषित की है। इस शानदार उपलब्धि के तहत मयंक मात्रे का चयन फ्री नासा एजुकेशनल टूर (यूएसए) के लिए किया गया है, जो संभावित रूप से सितंबर 2026 में आयोजित होगा। इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को अमेरिका स्थित नासा कैनेडी स्पेस सेंटर, ओरलेण्डों इंटरनेशनल युनिवर्सिटी कैम्पस, थीम पार्क एवं डिजनी स्प्रिंग्स का भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही नासा के उपग्रह अनुसंधान केंद्र में उपग्रहों के निर्माण, संचालन, विकास एवं असेंबलिंग प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन करने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों को वैज्ञानिक नवाचारों एवं आधुनिक तकनीकी प्रक्रियाओं से भी रूबरू कराया जाएगा। भ्रमण से पूर्व छात्र की पासपोर्ट एवं वीजा प्रक्रिया भी पूर्ण कराई जाएगी। भानेश साकुरे / 20 मई 2026