20-May-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। कोल इंडिया लिमिटेड के मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र के पावर और एनआरएस सेक्टर के कोयला उपभोक्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य उपभोक्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना, कोल सप्लाई, गुणवत्ता प्रबंधन और परिचालन से जुड़े मुद्दों पर संवाद को मजबूत बनाना रहा। बैठक में एसईसीएल के सीएमडी हरीश दूहन, कोल इंडिया के निदेशक (विपणन) मुकेश चौधरी, निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार तथा निदेशक (योजना/परियोजना) रमेशचंद्र महापात्रा मौजूद रहे। ‘गुणवत्तापूर्ण कोयला और समयबद्ध डिस्पैच हमारी प्राथमिकता’ बैठक को संबोधित करते हुए एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि कंपनी उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता का कोयला उपलब्ध कराने और समय पर डिस्पैच सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि एसईसीएल ने इस वर्ष 195 मिलियन टन उत्पादन और 200 मिलियन टन ऑफटेक का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे पूरी दक्षता और प्रतिबद्धता के साथ हासिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और गुणवत्ता सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रेड स्लिपेज कम करने पर फोकस कोल इंडिया के निदेशक (विपणन) मुकेश चौधरी ने कहा कि कंपनी निर्धारित गुणवत्ता का कोयला उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को निर्बाध कोल सप्लाई उपलब्ध कराना और गुणवत्ता संबंधी समस्याओं एवं ग्रेड स्लिपेज को न्यूनतम स्तर पर रखना कंपनी का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बैठक के दौरान उपभोक्ताओं द्वारा दिए गए सुझावों और फीडबैक का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। 125 से अधिक प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा कंज्यूमर मीट में पावर और एनआरएस सेक्टर से जुड़ी विभिन्न उपभोक्ता कंपनियों के करीब 125 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान कोल सप्लाई, गुणवत्ता प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स और बेहतर आपसी समन्वय जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उपभोक्ताओं ने अपने सुझाव और समस्याएं भी साझा कीं, जिन पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया। बैठक में महाप्रबंधक (विक्रय एवं विपणन) अजीत चौधरी सहित एसईसीएल और कोल इंडिया के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। स्पॉन्ज आयरन उद्योग से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा इसके बाद शाम को एसईसीएल मुख्यालय स्थित सीएमडी कॉन्फ्रेंस हॉल में कोल इंडिया के निदेशक (विपणन) मुकेश चौधरी और एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने छत्तीसगढ़ स्पंज आयरन विनिर्माण संघ तथा स्पॉन्ज आयरन उद्योग से जुड़े उपभोक्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उद्योग से संबंधित विभिन्न मुद्दों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।