21-May-2026
...


- दमकल व्यवस्था पर भी उठे सवाल बलौदाबाजार (ईएमएस)। शहर के लवन रोड स्थित दीपल ट्रेडर्स के किराना गोदाम में देर रात भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए दमकल की करीब 10 गाड़ियां लगातार प्रयास करती रहीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में तेल, घी के पीपे और अन्य किराना सामग्री रखी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। ज्वलनशील सामान अधिक मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग से उठता धुआं काफी दूर से दिखाई दे रहा था। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीमेंट संयंत्रों से भी फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। वहीं अतिरिक्त सहायता के लिए रायपुर से भी दमकल टीम बुलाने की प्रक्रिया शुरू की गई। दुकान संचालक विकास आरतानी ने बताया कि वह रात करीब 9 बजे दुकान और गोदाम बंद कर घर चले गए थे। देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच उन्हें गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और गोदाम में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो सका है, लेकिन करोड़ों रुपये के नुकसान की संभावना जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के दौरान दमकल व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए। आग बुझाने पहुंची बलौदाबाजार फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी को कथित तौर पर धक्का देकर चालू करना पड़ा। इस पर स्थानीय लोगों ने आपातकालीन सेवाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए संसाधनों के बेहतर रखरखाव की मांग की है। - (ईएमएस) 21 मई 2026