21-May-2026
...


- बिना हेलमेट की लापरवाही ने ली जान गुमला (ईएमएस)। झारखंड के गुमला जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 3 युवकों की असमय मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के डढ़गांव के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे आम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान उजड़ा गांव के रहने वाले अक्षय केरकेट्टा (19 वर्ष), आर्यन टोप्पो (18 वर्ष) और संजीत केरकेट्टा (18 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात वे चैनपुर से अपने घर लौट रहे थे, तभी डढ़गांव के पास यह हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार, बाइक की रफ्तार बेहद तेज थी और तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था, जो उनके लिए जानलेवा साबित हुआ। इस हादसे के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही चैनपुर थाने के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) धर्मपाल संतोष लगून पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शवों को अपने कब्जे में ले लिया। गुरुवार सुबह कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच में जुटी है। - ईएमएस 21 मई 2026