21-May-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में मानसून आने से पहले नालों की सफाई का काम युद्धस्तर पर जारी है। इसी दौरान मुंबई के पश्चिमी उपनगर अँधेरी के चांदिवली इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां तिलक नगर और सत्यानगर क्षेत्र के मुख्य नाले की सफाई के दौरान नाले के अंदर से एक ऑटो रिक्शा का ढांचा बरामद हुआ। इसके अलावा लोहे की कचरा पेटियां, बैरिकेड्स और भारी मात्रा में कबाड़ भी बाहर निकाला गया। मनपा कर्मचारियों ने क्रेन की मदद से ऑटो रिक्शा के ढांचे को नाले से बाहर निकाला। इतना ही नहीं नाला सफाई अभियान के दौरान शहर के अलग-अलग नालों से पुराने सोफे, गद्दे, खाट, बड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य भारी सामान भी मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ये वस्तुएं पानी के बहाव को रोकती हैं और बारिश के दौरान जलभराव की बड़ी वजह बनती हैं। मुंबई में इस साल मानसून सामान्य से पहले, यानी लगभग 5 जून तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए मुंबई महानगरपालिका ने नदी-नालों की सफाई और गाद निकालने का काम तेज कर दिया है। मनपा के अनुसार, 19 मई तक शहर में नालों की डी-सिल्टिंग का करीब 77 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं, मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने भी मानसून को देखते हुए मेट्रो और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के लिए विशेष आपातकालीन तैयारी योजना लागू की है। सभी ठेकेदारों को साइट-विशिष्ट मानसून तैयारी योजना जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें जल निकासी, ढलानों की सुरक्षा, वॉटरप्रूफिंग, मजदूरों की सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था जैसे उपाय शामिल हैं। एमएमआरडीए ने यह भी निर्देश दिए हैं कि रेड अलर्ट के दौरान गर्डर लॉन्चिंग जैसे जोखिम वाले निर्माण कार्य रोके जाएं और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बने लेबर कैंपों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। नागरिकों की शिकायतों के लिए 25 मई से 15 अक्टूबर तक 24 घंटे आपदा नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा। मालूम हो कि भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है और इसके बाद जून के पहले सप्ताह तक मुंबई में दस्तक देने की संभावना है। स्वेता/संतोष झा- २१ मई/२०२६/ईएमएस