21-May-2026
...


कवर्धा(ईएमएस)। जिले के पंडरिया विकासखंड के ग्राम पंचायत नेउरगांव में महिला सरपंच से कथित मारपीट के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। मामले में गांव के दूसरे पक्ष के लोगों ने बड़ी संख्या में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर महिला सरपंच और उनके पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान पंचायत प्रशासन और पूर्व सरपंच के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि पूर्व सरपंच के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों से संबंधित राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे विवाद लगातार बढ़ता गया। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि करीब 15 लाख रुपए के कथित गबन का आरोप लगाकर पूर्व सरपंच के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि महिला सरपंच और उनके पति राहुल चंद्राकर द्वारा गांव के लोगों को बार-बार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण कानून (एट्रोसिटी एक्ट) में फंसाने की धमकी दी जाती है। ग्रामीणों का दावा है कि इस संबंध में वे पहले भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मारपीट की घटना को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि विवाद के दौरान पहले सरपंच और उनके पति की ओर से गांव के कुछ लोगों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। इसके बाद स्थिति बिगड़ने पर अन्य ग्रामीण बीच-बचाव के लिए पहुंचे और मामले को शांत कराने की कोशिश की। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे और महिला सरपंच तथा उनके पति के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल यह आरोप एक पक्ष की ओर से लगाए गए हैं। मामले में पुलिस की ओर से जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 मई 2026