राज्य
21-May-2026


भागलपुर, (ईएमएस)। बिहार के भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र से पांच मासूम बच्चियों के अचानक लापता होने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। वार्ड संख्या-1 की रहने वाली ये बच्चियां बुधवार देर रात रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गईं। गुरुवार सुबह जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिवार वालों ने रातभर बच्चियों की तलाश की, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। लापता बच्चियों की उम्र करीब 8 से 10 वर्ष बताई जा रही है। इनमें पल्लवी, गंगा और श्वेता समेत पांच बच्चियां शामिल हैं। सभी एक ही गांव की रहने वाली थीं और आपस में अच्छी दोस्त थीं। परिजनों के अनुसार बुधवार रात करीब 11 बजे के बाद से बच्चियां अचानक घर से गायब हैं। काफी खोजबीन के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। मामले में गांव की एक बच्ची संध्या ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि पल्लवी उसके साथ पढ़ती है और उसने उसे भी साथ चलने के लिए कहा था। संध्या के मुताबिक बच्चियों को कहीं जाने के बदले “बहुत सारे पैसे” मिलने की बात कही गई थी। हालांकि वह उनके साथ नहीं गई। इस बयान के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोगों की चिंता और बढ़ गई है। परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी रात में ही पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय रहते गंभीरता नहीं दिखाई गई। उनका कहना है कि अगर पुलिस तत्काल सक्रिय होती तो शायद बच्चियों का जल्दी पता चल सकता था। गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग नाथनगर थाना पहुंचे और पुलिस से बच्चियों की जल्द बरामदगी की मांग की। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी जताई। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में डर का माहौल है। कई परिवारों ने अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजना बंद कर दिया है। लोगों को आशंका है कि कहीं बच्चियां किसी मानव तस्कर गिरोह के चंगुल में तो नहीं फंस गईं। पुलिस फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और बच्चियों की तलाश में छापेमारी की बात कह रही है। इस घटना ने हाल ही में मोतिहारी में सामने आए मानव तस्करी के मामले की याद भी ताजा कर दी है। कुछ दिन पहले बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने 21 बच्चों को तस्करों के चंगुल से बचाया था। बच्चों को पढ़ाई और मेडिकल की तैयारी का झांसा देकर बाहर ले जाया जा रहा था। जांच में बच्चों को ले जाने वालों के पास कोई वैध पहचान पत्र नहीं मिला था। बहरहाल भागलपुर की इस घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा और मानव तस्करी को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजन प्रशासन से बच्चियों की सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही बच्चियों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी। संतोष झा- २१ मई/२०२६/ईएमएस